
कन्नौज केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों, नीतिगत सुधारों एवं देश-प्रदेश में हुए सकारात्मक परिवर्तनों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर विकास भवन हर्षवर्धन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता, समन्वय एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। अभियान के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उनसे आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब पात्र एवं जरूरतमंद प्रत्येक व्यक्ति तक उनका लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों, लाभार्थियों एवं आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जन-जागरूकता एवं जनसंवाद को प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में ‘आशीर्वाद का दिया’’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। अभियान के दौरान सफलता की कहानियों, डिजिटल फिल्म/रील, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, स्वास्थ्य मेले, पौधरोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम, सेवा ज्योति यात्रा, जनभागीदारी आधारित गतिविधियों, विशाल रंगोली, डिजिटल लाइब्रेरी के उद्घाटन तथा सुशासन संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम का उद्देश्य ‘सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत’ की भावना को मजबूत करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रमों की व्यापक फोटो एवं वीडियोग्राफी, प्रचार-प्रसार तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत विकास खंड स्तर पर विभिन्न विभागों एवं योजनाओं के स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत संतृप्ति के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








