
कन्नौज थाना कोतवाली कन्नौज पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध शराब गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 545 पेटी अवैध शराब, जिसमें कुल 4836 लीटर शराब है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है, और एक आईशर डीसीएम गाड़ी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराधियों और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 11.09.2026 को पाल चौराहा अंडरपास से अभियुक्त जयसिंह पुत्र चेनाराम निवासी ग्राम विसारनिया बाड़मेर, राजस्थान उम्र करीब 32 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से आईशर डीसीएम गाड़ी नंबर UP 22 CT 1012 में कुल 545 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।

बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली कन्नौज पर मु0अ0सं0 528/2026 धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम व 207 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि सोनू निवासी खरखोंदा जिला सोनीपत, हरियाणा नामक व्यक्ति इसी गाड़ी से शराब को बिहार भेजता था। वह पहले भी कई बार इसी तरह अवैध शराब ले जा चुका है और इसी से प्राप्त रुपयों से अपने परिवार का जीवन यापन करता है।

1. 545 पेटी में कुल 4836 लीटर अवैध शराब, जिसमें 170 पेटी रॉयल स्टैग, 185 पेटी इम्पीरियल ब्लू हाफ और 190 पेटी इम्पीरियल ब्लू क्वार्टर शामिल हैं।
2. 01 अदद आईशर डीसीएम UP 22 CT 1012
3. एक अदद मोबाइल और 10200 रुपये नगद।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मो0 अकरम, उपनिरीक्षक राजेश कुमार रावत, उपनिरीक्षक महेश शर्मा सहित 15 पुलिसकर्मी शामिल रहे।








