
फर्रुखाबाद कमालगंज थाना क्षेत्र के नवीन मंडी स्थित फूलमती मंदिर के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आई गाय से टकराकर एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा में सवार सभी लोग फतेहगढ़ कचहरी से एक 15 साल पुराने मुकदमे की तारीख करके अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा नवीन मंडी के पास पहुंचा, सामने से सड़क पर गाय आ गई। गाय से टकराते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में प्रवीण कुमार (40) पुत्र लाखन निवासी आजाद नगर, लाखन सिंह (70) पुत्र सोरन सिंह, ब्रजनंदन (75) पुत्र सोवरन सिंह, ई-रिक्शा चालक अर्जुन (28) पुत्र दाऊदयाल निवासी लोहिया नगर और प्रवीण की पत्नी बेबी (38) घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया। वहां बेबी के पैर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवारा पशुओं के घूमने से आए दिन हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई और प्रशासन से उचित व्यवस्था की मांग की है।
रिपोर्ट – आयुष कुमार, ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद









