
हरपालपुर
हरदोई
हरपालपुर-चौसार मार्ग पर पलिया गांव के निकट गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पहला बाइक सवार देवांशु (20) पुत्र रविंदर निवासी चौसार हरपालपुर से चौसार की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। वहीं दूसरी ओर अमित (35) पुत्र उमेश निवासी घटवासा अपनी बाइक से हरपालपुर आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देवांशु की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर अपनी साइड से आ रहे अमित की बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल 108 एम्बुलेंस को फोन कर बुलाया और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार के कारण ही यह हादसा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









