
फर्रुखाबाद जिले में सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना कागजों तक ही सीमित नजर आ रही है। ग्राम मकरंद नगर बसह में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी बनकर तैयार हुए एक वर्ष से अधिक का समय बीत गया, लेकिन आज तक गांव में सुचारू रूप से जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। हर घर के पास पानी का पर्याप्त साधन नहीं है। जो हैंडपंप हैं, वे भी गर्मी और बरसात के मौसम में अक्सर खराब हो जाते हैं। टंकी बनने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब घर-घर नल से जल पहुंचेगा, लेकिन सप्लाई आज तक शुरू नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और विभाग को सूचना दी गई, प्रार्थना पत्र भी दिए गए, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई और समस्या का कोई निवारण नहीं हो सका।
सबसे ज्यादा परेशानी बरसात के मौसम में होती है। बरसात में कई-कई दिन तक बिजली नहीं आती है, जिससे मोटर और हैंडपंप भी काम नहीं करते। ऐसे में घरों में पानी की समस्या और भी गंभीर हो जाती है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल जीवन मिशन की टंकी से जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू कराई जाए ताकि गांव वालों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
जिला संवाददाता जितेंद्र कुमार की खास रिपोर्ट









