
लखनऊ के थाना जानकीपुरम क्षेत्र स्थित 60 फीटा रोड पर खुशी ज्वेलर्स में रविवार सुबह करीब 10:20 बजे दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवक ग्राहक बनकर बाइक से दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा।
दुकानदार पुरुषोत्तम प्रसाद वर्मा ने युवक को एक-एक कर चार डिब्बे दिखाए। इसके बाद आरोपी ने और डिज़ाइन दिखाने की मांग की। इसी दौरान दुकानदार अन्य डिब्बे लाने के लिए दुकान के अंदर वाले कमरे में चला गया। मौका पाकर आरोपी कुर्सी से उठा और काउंटर पर रखे डिब्बों में से दो डिब्बों को खोलकर देखा, जिनमें सोने की छोटी-बड़ी अंगूठियां थीं। इसके बाद वह दोनों डिब्बे उठाकर फरार हो गया।
कुछ ही देर बाद जब दुकानदार बाहर लौटा तो चोरी का पता चला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चुराए गए दोनों डिब्बों में करीब 21 से 24 सोने की अंगूठियां थीं, जिनका कुल वजन लगभग 70 ग्राम बताया जा रहा है। चोरी गई ज्वेलरी की कीमत का आकलन किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की भी पड़ताल की जा रही है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी के जरिए आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।









