
मछरेहटा, सीतापुर । पवित्र रमजान माह के अंतिम जुमे पर कस्बा मछरेहटा में अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई। नमाज के बाद रोजेदारों के चेहरों पर खुशी और सुकून साफ नजर आया। इस अवसर पर लोगों ने देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगी।
कस्बे के काजी असलम तथा मोहर्रम कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आफताब बेग ने बताया कि रमजान का महीना अल्लाह की इबादत के लिए सबसे पवित्र माना जाता है। इस दौरान हर मुसलमान का फर्ज होता है कि वह इबादत के साथ-साथ ऐसे नेक कार्य करे जो इंसानियत के लिए मिसाल बन सकें। अलविदा की नमाज के दौरान मुल्क की सलामती और समाज में भाईचारा बनाए रखने की दुआ की गई।
नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मस्जिदों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर हालात का जायजा लेती रही, जिससे नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और बेहतर व्यवस्था की सराहना की।









