
फर्रुखाबाद कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत न्याय पंचायत गदनपुर तुर्रा की ग्राम पंचायत दरौरा गांव में बुधवार को गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। पूरे गांव में गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर ग्रामवासी विजय चौहान ने अपने निजी स्थान पर भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से प्रतिमा की स्थापना की गई। स्थापना के बाद पंडित जी द्वारा विधिवत हवन-पूजन कराया गया। हवन के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से आहुतियां देकर अपने परिवार, गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजन के पश्चात भगवान गणेश की महाआरती का आयोजन किया गया। आरती में गांव के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
बताया गया कि गांव में इस वर्ष नौ दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह-शाम भगवान गणेश की पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन किया जाएगा। अंतिम दिन विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरे पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे वहां भक्तिमय माहौल बना हुआ है।









