
हरदोई 154 विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर के विकासखंड सांडी व हरपालपुर में इन दिनों गंगा और रामगंगा नदियों के उफान से भीषण बाढ़ का प्रकोप है। नदियों के बीच बसे गांवों में पानी भर जाने से ग्रामीण संकट के दौर से गुजर रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के बीच मिशन आत्मसन्तुष्टि संस्था ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मदद का हाथ बढ़ाया है।
मिशन आत्मसन्तुष्टि के संरक्षक समाजसेवी राजवर्धन सिंह राजू ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित ब्लाक सांडी के ग्राम कसहा, टपुआ, अब्दुलपुर, नोनखारा, गुर्रा, कुचिला बिजना, मोहद्दीपुर आदि गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नाव के सहारे पानी में फंसे पीड़ित ग्रामीणों तक पहुंचकर अपने हाथों से भोजन वितरित किया और कई परिवारों को आर्थिक मदद भी दी।
राजवर्धन सिंह राजू ने अपनी टीम को तत्काल प्रभाव से प्रभावित परिवारों के रहने और भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए और प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीम तैनात करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मिशन आत्मसन्तुष्टि का उद्देश्य जनता की सेवा करना है। संस्था की ओर से बाढ़ की विभीषिका खत्म होने तक लगातार लंगर की व्यवस्था संचालित की जाएगी, ताकि किसी भी पीड़ित परिवार को भूखा न सोना पड़े।

इस मौके पर मुकेश कुमार, शिवराम, संत कुमार, पिंटू कश्यप, आशीष सिंह, आनंद सिंह छोटू, सूर्या सिंह आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।









