
फर्रुखाबाद में थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टॉप चौकी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस द्वारा हिरासत में लाई गई एक संदिग्ध युवती ने जमकर हंगामा किया। बताया गया कि रोडवेज बस स्टॉप के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक और युवती को पुलिस ने पकड़कर चौकी ले आई थी।
चौकी पहुंचते ही युवती ने अचानक उग्र व्यवहार शुरू कर दिया और गेट में जोर से पैर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद युवती ने पुलिस कर्मियों पर चौकी के अंदर मारपीट करने का आरोप लगाया। साथ ही उसने यह भी कहा कि महिला पुलिस की मौजूदगी के बिना उसके साथ अभद्रता की गई।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवतियों, एक महिला और एक युवक को हिरासत में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना अध्यक्ष को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद तीनों महिलाओं को महिला थाने भेज दिया गया।
यह पूरा मामला थाना कादरीगेट क्षेत्र के रोडवेज बस स्टॉप चौकी से जुड़ा है, जहां घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।









