
सीतापुर। मछरेहटा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनियामऊ स्थित राजकीय विद्यालय में बुधवार रात चोरी की वारदात सामने आई, जिससे विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। विद्यालय के लिए हाल ही में खरीदी गई नई एसी, जिसे अभी तक स्थापित भी नहीं किया गया था, अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई।
बताया जा रहा है कि एसी को विद्यालय के एक कक्ष में सुरक्षित रखकर ताला बंद किया गया था। देर रात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एसी लेकर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह जब विद्यालय का स्टाफ पहुंचा तो कमरे का ताला टूटा देख घटना की जानकारी हुई। नई एसी गायब मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रधानाचार्या ने मछरेहटा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी प्रभात गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।








