
जनपद सीतापुर के थाना मछरेहटा क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। यह हादसा भारा सैनी चौराहे से लगभग 200 मीटर आगे, जलालपुर–मछरेहटा रोड पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपने घर के पास खड़ी दो महिलाओं को जलालपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान शालू पाल पत्नी कौशल पाल निवासी सटेलिया (जटपुरवा) तथा रामपती पत्नी छत्रपाल (55 वर्ष) निवासी कुनेहटा, लक्ष्मी रामपुर के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज गति में थी और अनियंत्रित होकर महिलाओं को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना मछरेहटा के थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।

गौरतलब है कि जलालपुर–मछरेहटा मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।








