
सीतापुर जनपद के थाना मछरेहटा क्षेत्र की परसदा चौकी अंतर्गत सुरजनपुर गांव में आपसी विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान हसिया से किए गए हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे घायल हो गए।

मृतका की पहचान प्रेमा देवी (60 वर्ष), पत्नी परशुराम, निवासी सुरजनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने हसिया से हमला कर दिया, जिससे प्रेमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हमले में उनके दो बेटे रंजीत कुमार (35 वर्ष) और अमरजीत (25 वर्ष) भी घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि आपसी विवाद के दौरान दो पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें सुरजनपुर निवासी प्रेमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।








