
बिसवां/सीतापुर।
बिसवां क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब चना दाल से लदी एक पिकअप का टायर अचानक फट गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन चना दाल लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में एक की पहचान आदित्य वाल्मीकि पुत्र रामू वाल्मीकि के रूप में हुई है। दोनों घायलों को तत्काल बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर बिसवां के क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। साथ ही उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
उधर, सूचना मिलने पर मानपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने पिकअप वाहन को रास्ते से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।









