
Written by
आशुतोष मिश्रा
लखीमपुर खीरी जिले में शारदानगर पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक लेखपाल को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी शशांक शुक्ला धौरहरा तहसील में तैनात लेखपाल होने के साथ ही धौरहरा लेखपाल संघ का अध्यक्ष भी है।
जानकारी के अनुसार फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम ग्रंट 11 निवासी शशांक शुक्ला सोमवार रात अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उसके पास 32 बोर की अवैध पिस्टल है। सूचना के आधार पर शारदानगर पुलिस ने पतरासी चौराहे के पास घेराबंदी कर उसे रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर शारदानगर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।









