
बिलग्राम तहसील संवाददाता अनुज कुमार सिंह की रिपोर्ट
हरदोई। जिले की बिलग्राम तहसील अंतर्गत ग्राम कुंदरौली सादिकपुर में सड़क और नाली की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं और बड़े-बड़े गड्ढों में सड़ा हुआ पानी, कूड़ा-कचरा और खड़ी घास जमा हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क और नाली के अभाव में बरसात के बाद हालात और भी खराब हो जाते हैं। गड्ढों में जमा गंदा पानी लंबे समय तक पड़ा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।
गांव के लोगों के अनुसार खराब सड़क और गंदगी के कारण वाहन चलाना तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह से कीचड़ और पानी से भर जाती है, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के प्रधान द्वारा पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर फर्जी कार्य दिखाकर सरकारी धन निकाला जा रहा है, जबकि जमीन पर कोई ठोस काम दिखाई नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द पक्की सड़क और नाली का निर्माण कराया जाए तथा पंचायत में हुए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और फैल रही गंदगी से बीमारियों का खतरा कम हो सके।









