
हरदोई जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानन्द सभागार में श्रम विभाग की ओर से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और प्रधानमंत्री लद्यु व्यापारी मानधन योजना के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना में पात्र 18 से 40 वर्ष के अधिक से अधिक कर्मकारों और लद्यु व्यापारियों का पंजीकरण कराया जाए, जिससे उन्हें पेंशन योजना का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मनरेगा वकर्स, आशा, आंगनबाड़ी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, शिक्षा मित्र, अनुदेश, पंचायत सहायक, कोटेदार, होमगार्ड, पीआरडी जवान जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य है, उनका संबंधित विभाग के अधिकारी ब्लाक स्तर पर शिविर का आयोजन करें और बीडीओ से समन्वय बनाकर पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छाया प्रति लेकर अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, पीडी, डीसी मनरेगा, आजीविका मिशन, सहायक श्रमायुक्त सत्यबीर सिंह सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस योजना के संबंध में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।









