
सीतापुर जनपद के मछरेहटा थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गांव में 23 वर्षीय विवाहिता निमिषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व अतुल कुमार उर्फ दीपक के साथ हुई थी और उसकी एक वर्ष की मासूम पुत्री भी है।

परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना उन्हें फोन के माध्यम से दी गई थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा था, जबकि पंखे से साड़ी लटकी हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाहिता के साथ आए दिन मारपीट और प्रताड़ना होती थी, जिससे परेशान होकर उसकी मौत हुई।

मृतका के दादा छोटेलाल (फौजी) निवासी रसयोरा, थाना रामकोट द्वारा मछरेहटा थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, मृतका की मौसी सरोजनी देवी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि निमिषा के सिर पर चोट के निशान थे और उन्हें यह मामला आत्महत्या नहीं लग रहा है। उनका कहना है कि घटनास्थल पर फांसी जैसे सामान्य संकेत भी स्पष्ट नहीं थे, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस, क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता, नायब तहसीलदार विवेक तिवारी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी प्रभात गुप्ता के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।








