
थाना क्षेत्र के कोईलाई गांव के मजरा कढ़िलेपुरवा में खेत की रखवाली कर रहे 65 वर्षीय वृद्ध की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कढ़िलेपुरवा निवासी रामभजन देर शाम अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान खेत जोतकर गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन घायल रामभजन को तत्काल सांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होने पर परिजन उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले गए, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
रामभजन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।







