
रिपोर्ट अवनीश कुमार ब्लॉक संवाददाता कमालगंज
फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कटरोली पट्टी में बिजली के तार काटने के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम कटरोली पट्टी निवासी संध्या पत्नी कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया है कि 1 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9 बजे गांव के रहने वाले छोटे पुत्र भूरे उनके घर की छत पर चढ़ गए और बिजली का तार काट दिया। इससे हाई वोल्टेज की वजह से उनके घर का फ्रिज और कूलर खराब हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो छोटे, उसकी पत्नी (नाम अज्ञात), सिमरन पुत्री छोटे और असगर प्रधान पुत्र मुख्तयार ने उनके साथ गाली-गलौज की और पति कृष्ण कुमार के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान नीला पत्नी सतेंद्र के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में पीड़िता का मंगलसूत्र गिर जाने की भी बात तहरीर में कही गई है। साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

इस मामले में थाना कमालगंज पुलिस ने एफआईआर संख्या 194/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









