
मछरेहटा (सीतापुर)। थाना मछरेहटा क्षेत्र के एकडला गांव निवासी 40 वर्षीय हरीश पुत्र जगमोहन का शव सोमवार दोपहर करीब 2:40 बजे जंगल में एक जामुन के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर थाना मछरेहटा पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

बताया गया कि हरीश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले बीमारी के कारण उसकी बेटी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहता था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ग्रामीणों द्वारा जंगल में शव लटका देखे जाने के बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर थाना प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।








