
रिपोर्ट ब्यूरो चीफ – आयुष कुमार, जिला फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद, कमालगंज। श्रावण माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार रात करीब 1 बजे कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव खुदागंज में हंगामा हो गया। श्रृंगीरामपुर गंगा घाट से जल भरकर लौट रहे कांवड़ियों की बाइक को एक ईको वाहन ने कथित तौर पर ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही कांवड़ियों और ईको चालक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि आक्रोशित कांवड़ियों ने ईको का शीशा फोड़ दिया और चालक से मारपीट कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांवड़िये गंगाजल लेने जा रहे थे। खुदागंज के पास पीछे से आई ईको ने बाइक में कट मार दिया जिससे कांवड़िये असंतुलित हो गए। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ।
सूचना मिलते ही कमालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों ने कांवड़ियों से संयम रखने को कहा और उन्हें आगे यात्रा जारी रखने के निर्देश दिए। पुलिस की मौजूदगी के बाद कांवड़िये वहां से रवाना हो गए।
इस घटना के चलते कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी रही। बाद में माहौल सामान्य हो गया।
सावन में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने मार्गों पर कड़ी निगरानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कांवड़ियों और वाहन चालकों दोनों से सावधानी बरतने की अपील की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









