
रिपोर्ट गुजरात स्टेट संवाददाता नरेश चौधरी
अहमदाबाद शहर के पॉश इलाके सिंधु भवन रोड पर आज दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। पकवान चार रास्ता चौराहे के पास दो ऑटो टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों टेंपो तेज रफ्तार में थे। चौराहे पर मोड़ काटते समय एक टेंपो चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे दूसरे टेंपो से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों टेंपो के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए और तुरंत 108 इमरजेंसी सेवा को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को टेंपो से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सोला सिविल अस्पताल भेजा गया। जहां इमरजेंसी वार्ड में दोनों का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त टेंपो को सड़क से हटाया और करीब आधे घंटे तक बाधित रहा यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।








