
हरदोई:
सांडी,
बरौलिया-नोनखारा मार्ग पर ठेकेदार की लापरवाही भारी पड़ गई। शुक्रवार को सड़क पर पड़ी गिट्टी से बाइक फिसल गई और एक ही परिवार के 5 लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में महिला गंभीर घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि पलिया पुरवा निवासी बिनीत अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ बाइक से रक्षाबंधन पर पत्नी को ससुराल छोड़ने जा रहा था। भटौली गांव में अनिल और अंकित के घर के पास सड़क पर बिखरी गिट्टी पर बाइक का पहिया फिसल गया और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में बिनीत की पत्नी के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि गनीमत रही कि तीनों बच्चे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरौलिया-नोनखारा मार्ग पर इन दिनों नई सड़क का निर्माण चल रहा है, जो बारिश के कारण रुका हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी पड़ी है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर परिवार की मदद की।








