
फर्रुखाबाद से ब्यूरो चीफ आयुष कुमार की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद कमालगंज थाना क्षेत्र के खुदागंज स्टेशन के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े गौवंश को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब गौवंश स्टेशन रोड किनारे मौजूद था। इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने अनियंत्रित होते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक गौवंश की मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों ने पिकअप चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि खुदागंज स्टेशन मार्ग पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है, फिर भी चालक तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बेसहारा गौवंश बड़ी संख्या में सड़कों पर घूमते हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
सूचना पर पहुंचे लोगों ने गौवंश के शव को सम्मान के साथ हटवाकर उचित निस्तारण की मांग की है।









