
हरदोई सवायजपुर विधानसभा 154 ग्रामसभा जिगनी चौगवां के मजरा ठेंहड़ा पुरवा निवासी सुखदेव कुशवाहा के पूज्य पिता मुलायम कुशवाहा का निधन हो गया। गांव में बाढ़ के कारण रास्ता पूरी तरह जलमग्न होने और आवागमन का रास्ता न होने के चलते परिजनों और ग्रामीणों को शव को गांव से बाहर निकालने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालात इतने विकट रहे कि रास्ता न होने के कारण ग्रामीणों को शव को नाव के सहारे गांव से बाहर तक लाने के लिए मजबूर होना पड़ा। सूचना मिलने पर मिशन आत्मसंतुष्टि के संस्थापक व संचालक एवं समाजसेवी राजवर्धन सिंह राजू मौके पर पहुंचे और अपनी मौजूदगी में शव को गांव से बाहर निकलवाने में सहयोग किया।
इस दौरान राजवर्धन सिंह राजू ने बाढ़ की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि बाढ़ के प्रकोप से पूरा क्षेत्र जलमग्न है और ग्रामीण बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा पिछड़े वर्ग की बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है और यहां के ब्लॉक प्रमुख भी पिछड़ा समाज से आते हैं, इसके बावजूद बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को आवागमन जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि किसी परिवार को अपने परिजन का शव गांव से बाहर निकालने के लिए नाव का सहारा लेना पड़े, यह बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक स्थिति है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को तत्काल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

आमिर मंसूरी प्रतिनिधि राजवर्धन सिंह राजू








