
ब्यूरो चीफ सीतापुर मनोज मिश्रा की रिपोर्ट
सीतापुर इटौंजा-सीतापुर हाईवे स्थित मानपुर टोल प्लाजा पर मंगलवार को STF की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लखनऊ STF की टीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में टोल प्लाजा पहुंची और वहां उपलब्ध महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, कोर्ट की ओर से टोल प्लाजा प्रबंधन को CCTV फुटेज, दस्तावेज एवं अन्य संबंधित रिकॉर्ड न्यायालय के समक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिकॉर्ड उपलब्ध न कराए जाने की स्थिति में टोल प्रबंधन को नोटिस दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
इसके बाद कोर्ट के आदेश के अनुपालन में STF की टीम मानपुर टोल प्लाजा पहुंची। टीम ने मौके से कंप्यूटर, DVR तथा महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित अन्य रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। कार्रवाई के दौरान टोल प्लाजा परिसर में काफी देर तक हलचल बनी रही।
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालय के समक्ष आवश्यक CCTV फुटेज और दस्तावेज उपलब्ध कराना है, ताकि मामले से संबंधित तथ्यों की जांच आगे बढ़ाई जा सके। STF द्वारा कब्जे में लिए गए रिकॉर्ड की जांच और उसकी कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, STF की कार्रवाई के बाद मानपुर टोल प्लाजा पर फिलहाल टैक्स वसूली पर रोक लगाए जाने की जानकारी है। अचानक हुई इस कार्रवाई से टोल प्लाजा प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
हालांकि, STF की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कोर्ट के आदेश के अनुपालन में रिकॉर्ड कब्जे में लिए जाने की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।









