
ब्यूरो चीफ सीतापुर मनोज मिश्रा की रिपोर्ट
सीतापुर ब्लॉक सभागार सिधौली में “मेरा आंगन, मेरा उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना विभाग सिधौली की मुख्य सेविका श्रीमती अंतिमा मिश्रा एवं मुख्य सेविका श्रीमती मीना त्रिपाठी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शक्ति मिशन, जननी सुरक्षा एवं मातृत्व से संबंधित योजनाओं सहित महिलाओं और बच्चों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य और लाभ बताए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को बताया गया कि सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रही। इनमें श्रीमती अर्चना मिश्रा, प्रेम नगर उत्तरी, श्रीमती लक्ष्मी पटेल, प्रेम नगर दक्षिणी, श्रीमती रेनू मौर्य, नरोत्तम नगर उत्तरी तथा श्रीमती नीलम शुक्ला, रसूलपनाह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
मुख्य सेविकाओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर महिलाओं, बच्चों और परिवारों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। विशेष रूप से पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
“मेरा आंगन, मेरा उत्सव” कार्यक्रम के उद्देश्य और गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पोषण एवं जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के अंत में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और बेहतर क्रियान्वयन के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।










