
ब्यूरो चीफ सीतापुर मनोज मिश्रा की रिपोर्ट
सीतापुर अटरिया थाना क्षेत्र में हाईवे रोड से कुंवरपुर गांव जाने वाले डामर मार्ग पर भारी बारिश के बीच शीशम का पेड़ गिर जाने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। पेड़ के सड़क पर गिरने से दोनों ओर से आवागमन बाधित हो गया, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के चलते मिट्टी गीली होने से पेड़ की जड़ कमजोर हो गई और वह अचानक सड़क पर जा गिरा। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के दौरान कोई राहगीर या वाहन उसकी चपेट में नहीं आया।
मार्ग बंद होने के कारण ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गिरे पेड़ को जल्द हटवाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ नहीं हटाया गया तो बारिश के दौरान राहगीरों की परेशानी और बढ़ सकती है।









