
रिपोर्ट अवनीश कुमार संवाददाता कमालगंज
फर्रुखाबाद कमालगंज थाना क्षेत्र के रजीपुर के पास बुधवार को बिजली के तारों पर झूल रही पेड़ की डालियों की छंटाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक डाल टूटकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम खुदागंज निवासी श्रीकृष्ण पुत्र लालमन बिजली विभाग के कार्य के दौरान पेड़ की छंटाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की डालियां आ जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी, इसलिए डालियों को हटाया जा रहा था।
इसी दौरान एक भारी-भरकम डाल भरभराकर नीचे आ गिरी और श्रीकृष्ण उसकी चपेट में आ गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और परिजनों को सूचना दी।
घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।









