
रिपोर्ट अनोप कुमार
हरदोई शाहाबाद थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को हुई चांदी लूट की सनसनीखेज वारदात का हरदोई पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। एसओजी/सर्विलांस और थाना शाहाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान घटना में शामिल चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हुए हैं। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटी गई चांदी,घटना में प्रयुक्त शिफ्ट डिजायर कार,दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को हृदयराम सोनी निवासी अहिमामऊ लखनऊ अपने चालक करण के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे।शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास चार युवकों ने शिफ्ट डिजायर कार से ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखी चांदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज,सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिए पुलिस बदमाशों तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार 1/2 अक्टूबर की रात मुखबिर की सूचना पर शाहाबाद बाईपास पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद शिफ्ट डिजायर कार दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुशील और विमल गोली लगने से घायल हो गए।जबकि दो अन्य आरोपी अमन और करण को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक सामने आया कि आरोपी करण ही पीड़ित हृदयराम सोनी का चालक था और उसे चांदी के कारोबार तथा उसके सफर की जानकारी थी। पुलिस का दावा है कि करण ने अपने साथियों को इसकी जानकारी देकर लूट की योजना तैयार की थी।आरोपियों ने निर्माणाधीन हाईवे के ऐसे स्थान को वारदात के लिए चुना, जहां आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं थे।बिना नंबर की कार से रास्ता रोककर घटना को अंजाम दिया गया और चालक करण के साथ मारपीट कर उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया गया,ताकि उस पर भी शक न हो।
पुलिस के अनुसार हृदयराम सोनी कुल 17.5 किलो चांदी लेकर शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे। चांदी दो बैगों में थी, जिनमें एक में 12.5 किलो और दूसरे में 5 किलो चांदी थी। बदमाशों ने 5 किलो चांदी वाला बैग लूट लिया था। पुलिस ने लूटी गई चांदी में से 2.315 किलो चांदी बरामद किए जाने की जानकारी दी है।
घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।










