
हरदोई भारतेन्दु नाट्य अकादमी, जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज रसखान प्रेक्षागृह, हरदोई में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर द्वारा रचित कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ नाटक का भव्य मंचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष हरदोई सुख सागर मिश्र मधुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि रश्मिरथी केवल एक काव्य नहीं, बल्कि जीवन दर्शन है। कर्ण के चरित्र के माध्यम से यह सिखाती है कि संसाधनों के अभाव में भी मनुष्य अपने पराक्रम, स्वाभिमान और दानशीलता से महान बन सकता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से युवाओं में साहित्य एवं संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ती है।
मंचन में भारतेंदु नाट्य अकादमी के ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने कर्ण, कृष्ण, कुंती, दुर्योधन और परशुराम की भूमिकाओं को जीवंत कर दिया। नाटक का निर्देशन मानवेन्द्र कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया। “रश्मिरथी के दो अर्थ हैं, एक सूर्य का सारथी और दूसरा वह जिसके रथ पर सूर्य हो, कर्ण के जीवन की व्यथा और उसके अदम्य साहस को देख दर्शक भावविभोर हो उठे।” विशेष रूप से ‘कृष्ण की चेतावनी’ और ‘कर्ण-कुंती संवाद’ के दृश्यों पर प्रेक्षागृह तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन भी कार्यक्रम में पहुंचे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं, साहित्य प्रेमियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने नाटक देखा और कलाकारों की सराहना की। दर्शकों ने कहा कि हरदोई जैसे जनपद में इस प्रकार के उच्च स्तरीय साहित्यिक नाटकों का मंचन अत्यंत सराहनीय पहल है। सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार रहे इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी दीपांकर चौधरी संस्कृति विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।










