
हरदोई (संवाददाता: हर्ष बाजपेई):
हरदोई जनपद के हरपालपुर थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 25 वर्षीय आकांक्षा और उनके दो वर्षीय बेटे सिद्धार्थ की जान चली गई। वहीं आकांक्षा के देवर अमित गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका आकांक्षा अरवल थाना क्षेत्र के कैथनपुरवा गांव की निवासी थीं। वह अपने मायके बिलग्राम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम से लौटते समय इकनौरा ककरा गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आकांक्षा के पति कन्हैया, जो दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं, को हादसे की सूचना दे दी गई है और वे दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो चुके हैं।
मां-बेटे की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा बेहद हृदयविदारक है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।









