
अमृतपुर तहसील संवाददाता कुलदीप | फर्रुखाबाद।
फर्रुखाबाद जनपद के थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चित्रकूट में स्थित ग्राम समाज के एक बड़े और गहरे तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि तालाब में किसी ने जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे मछलियां मर गईं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही ठाकुर नन्ने ने तालाब को किसी व्यक्ति को बेच दिया था और उसी व्यक्ति ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिसके कारण यह घटना हुई है।
गांव के शिवशरण राजपूत, हरिराम, अनिल, ब्रजेश, सूरज, रामकुमार, सोनपाल और अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि हर साल बाढ़ के समय इस तालाब में बड़ी संख्या में छोटी-बड़ी मछलियां आकर रुक जाती हैं। लेकिन इस बार अचानक बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होने से ग्रामीण चिंतित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के पानी में जहरीला पदार्थ होने की आशंका के कारण गांव के पशुओं के लिए भी खतरा पैदा हो गया है, क्योंकि कई पशु इसी तालाब का पानी पीने आते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और तालाब की सफाई करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि वास्तव में तालाब में जहरीला पदार्थ डाला गया है तो उसे तत्काल हटाया जाए, ताकि पर्यावरण और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले भी तालाब की सफाई न होने के कारण कई बार मछलियों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। गांव वालों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तालाब की सफाई और जांच नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।









