
लखीमपुर खीरी के थाना हैदराबाद के ग्राम झारा मोड़ पर बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। गोला डिपो की अनुबंधित बस ने स्कूटी सवार वीडीओ रीतू यादव को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें लखीमपुर और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
*वीडीओ की हालत गंभीर*
रीतू यादव ब्लॉक कुंभी गोला में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात हैं और उनके पास ग्राम पंचायत जंगल नं 13 (महेशपुर), परेली और शीतल पुर ग्रंट का चार्ज है। वह परेली ग्राम पंचायत में काम निबटाने के बाद गोला ब्लाक जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।
*पुलिस और अधिकारियों की कार्रवाई*
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीओ पंचायत अवनीश अवस्थी, महेशपुर प्रधान अमर सिंह, शीतल पुर प्रधान ब्रजेन्द्र वर्मा, परेली प्रधान पुत्र अनिरुद्ध वर्मा सहित स्टॉफ मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।









