
सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक लाइनमैन की पहचान महेशपुर गांव निवासी दिनेश के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग में संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को इलाके में ट्रांसफार्मर पर मरम्मत का कार्य करते समय लगभग 4:00 बजे हाई टेंशन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लाइनमैन को हाई टेंशन लाइन पर काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है और विभाग को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र खैराबाद की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने संविदा कर्मी लाइनमैन को 1 लाख का मुआवजा देने की बात कही है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि यह मुआवजा पर्याप्त नहीं है और वे न्याय के लिए लड़ते रहेंगे। उनका कहना है कि विभाग को अपनी लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।









