
मछरेहटा (सीतापुर)। थाना मछरेहटा क्षेत्र के ग्राम जमलापुर उत्तरी निवासी करन पुत्र संजय द्वारा 16 जून को थाना मछरेहटा में एक प्रार्थना पत्र देकर अपने मौसी के पुत्र मुन्नीलाल निवासी हुसैनगंज, थाना खैराबाद पर चोरी का आरोप लगाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मछरेहटा पुलिस ने नियमानुसार मुन्नीलाल को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। आवश्यक पूछताछ के उपरांत पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
इसी बीच शनिवार रात मुन्नीलाल (35 वर्ष) की उनके घर पर अचानक मृत्यु हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद मृतक के भतीजे सूरज पुत्र जियालाल ने थाना मछरेहटा में एक प्रार्थना पत्र देकर करन, संजय तथा उनकी पत्नी पर आरोप लगाए हैं। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि आरोपितों द्वारा आर्थिक लेन-देन को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, जिससे मुन्नीलाल मानसिक तनाव में आ गए थे।
सूत्रों के अनुसार, मृतक घर में अकेले रहते थे तथा अपने भतीजे के यहां भोजन करते थे। यह भी बताया जा रहा है कि उन्हें शराब पीने की आदत थी। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि मृतक के परिजनों से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








