
हरदोई
सांडी
सांडी कस्बे के तेरहा पर स्थित लोक निर्माण विभाग का मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण राहगीरों, साइकिल व बाइक चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं हुई। बरसात में स्थिति और भी बदतर हो जाती है और दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
मजबूर होकर क्षेत्रवासियों ने चंदा करके खुद ही गड्ढों में ईंट और पत्थर डलवाए। इससे रास्ता कुछ हद तक चलने लायक तो हुआ, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क नहीं बनवाई गई तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।








