
अटरिया, सीतापुर
थाना अटरिया क्षेत्र के ग्राम सीतलपुरवा उर्फ कुम्हारनपुरवा में दबंगों द्वारा एक ही परिवार के 6 लोगों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता पूर्णिमा पुत्री रामस्वरूप प्रजापति ने तहरीर में बताया कि 3 अगस्त 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे उनके पिता रामस्वरूप घर के सामने बैठे थे। उसी दौरान गांव के ही बबलू यादव, राजवीर, लल्लू, गया प्रसाद यादव और उनके परिवार की कुछ महिलाएं वहां पहुंचीं।
आरोप है कि सभी ने रामस्वरूप को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों व घूंसों से मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उनके भाई कमलेश के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उनकी मां मीना, बहन नैन्सी, भाई शशांक और बुआ अर्चना पत्नी राजेश कुमार के साथ भी मारपीट की, जिसमें सभी को चोटें आईं।
112 पर सूचना के बाद आरोपी हुए फरार
घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़िता ने अटरिया थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी और एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने बताया कि उनके ताऊ का इलाज वर्तमान में लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








