
हरगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम नौनेर स्थित प्रसिद्ध श्री बाला जी मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शनिवार को भव्य विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

भंडारे के साथ आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्री महाकाल झांकी ग्रुप ने आकर्षक एवं मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की भव्य झांकी के साथ किया गया। इसके बाद देर रात तक भगवान के विभिन्न स्वरूपों एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिले के कई गणमान्य लोगों ने भी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता (बबलू) ने मंदिर में मत्था टेककर बाला जी महाराज का आशीर्वाद लिया तथा प्रसाद ग्रहण किया। वहीं पूर्व विधायक रमेश राही सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने भी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान प्रधान पुजारी करुणा शंकर मिश्रा, नित्य पुजारी विनय शंकर मिश्रा, अजय मिश्रा, मोहन शुक्ला, अश्वनी शुक्ला, सुरेंद्र मिश्रा, पंकज सिंह, श्याम किशोर मिश्रा सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।








