
फर्रुखाबाद से ब्यूरो चीफ आयुष कुमार की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद जहानगंज थानाध्यक्ष पर पुलिस अधीक्षक की बड़ी कार्रवाई हुई है। पीड़ित परिवार से अभद्रता और मारपीट के मामले में एसपी आरती सिंह ने जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
मामला जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा का है। यहां 9 महीने पहले 10 दिसंबर 2025 को चंद्र प्रकाश गुप्ता के 10 वर्षीय मासूम बेटे आशुतोष गुप्ता का अपहरण हो गया था। 14 दिसंबर को मासूम का शव बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक की मां पूनम गुप्ता की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन 9 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पाई।
न्याय न मिलने से परेशान पीड़ित परिवार लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा था।
बीते 3 सितंबर को पुलिस लाइन मैदान में मुख्यमंत्री की जनसभा थी। पीड़ित परिवार अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री के पास जाना चाहता था। आरोप है कि जहानगंज पुलिस ने कोरीखेड़ा पहुंचकर पूरे परिवार को घर में ही नजरबंद कर दिया। परिवार के विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की और उनके मोबाइल से वीडियो भी डिलीट कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला गरमा गया।
इस घटना से आहत होकर मृतक बालक की बहन अंशिका गुप्ता और चाचा रामजीत ने 10 सितंबर को लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने इससे पहले DIG सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी आरती सिंह ने प्राथमिक जांच के बाद कड़ा एक्शन लेते हुए थानाध्यक्ष जहानगंज पूनम अवस्थी को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के भी आदेश दिए हैं।









