
सीतापुर। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोर की मौत के बाद शनिवार शाम परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही लोगों ने भदफर चौकी के पास लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार, भदफर चौकी क्षेत्र के ग्राम रमवापुर निवासी 17 वर्षीय सूरज पुत्र संजय शुक्रवार देर शाम मोहर्रम का ताजिया देखकर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रमवापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर ओयल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सूरज की मौत हो गई।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शाम करीब 7 बजे उन्होंने लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्घटना के जिम्मेदार बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा दोषी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। बाद में परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।








