
रिपोर्ट श्याम पाल सिंह
हरदोई पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ी में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। गांव निवासी प्रशांत अग्निहोत्री पुत्र अज्ञात का पूरा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से परिवार पूरी तरह से बेघर हो गया है।
बताया गया कि प्रशांत अग्निहोत्री का परिवार पक्के मकान में रहता था। पिछले कई दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। बुधवार अचानक उनका पूरा मकान ढह गया। गनीमत यह रही कि जिस समय मकान गिरा उस समय परिवार के लोग घर के बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े और अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया।
मकान गिरने के बाद प्रशांत के सामने परिवार के रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। मकान पूरी तरह नष्ट हो जाने के कारण इस समय प्रशांत अपने परिवार के साथ गांव के ही एक दूसरे व्यक्ति के मकान में रहने को मजबूर हैं।
पीड़ित प्रशांत अग्निहोत्री ने बताया कि वह बेहद गरीब परिवार से हैं और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अब नया मकान बनाना उनके बस की बात नहीं है। उन्होंने प्रशासन से आवास और आर्थिक सहायता दिलाए जाने की गुहार लगाई है।
वहीं ग्रामीणों ने भी बताया कि प्रशांत का परिवार काफी गरीब है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन और ब्लॉक प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर जांच की जाए और पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ व तत्काल आर्थिक मदद दी जाए ताकि परिवार फिर से अपना आशियाना बना सके।










