
हरदोई सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जनसंपर्क और राहत कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में आज सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू भइया ने माननीय सांसद जय प्रकाश रावत जी के साथ साण्डी ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया।
विधायक और सांसद ने ग्राम खिम्मापुर, तेरा पुरसौली, उमरौली जैतपुर, मंसूरपुर, लालपुर हैदराबाद सहित विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों की समस्याओं, उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और उनका कुशलक्षेम जाना।
दौरे के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन द्वारा संचालित बाढ़ राहत शिविर खिम्मापुरवा एवं उमरौली जैतपुर का भी निरीक्षण किया। शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों को भोजन और आवश्यक दवाओं का वितरण कराया गया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शिवानी सिंह, तहसीलदार सौरभ सिंह, नायब तहसीलदार राजेश पटेल, आर.के. यादव, खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण टीम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









