
रिपोर्ट बिलग्राम तहसील संवाददाता अनुज कुमार सिंह
हरदोई/बिलग्राम। जनपद हरदोई सहित बिलग्राम तहसील क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।
गर्मी के कारण सबसे अधिक परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, किसानों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है। लोग धूप से बचने के लिए छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। वहीं कई स्थानों पर पेयजल की बढ़ती मांग के चलते लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस बार गर्मी ने पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक प्रभाव दिखाया है। तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण बुजुर्गों एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है









