
सीतापुर अटरिया भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में किसानों एवं ग्रामीणों ने बुधवार को थाना अटरिया में एसडीएम सिधौली बालकृष्ण त्रिपाठी तथा क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने विभिन्न समस्याओं के समाधान और लंबित मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में थाना अटरिया क्षेत्र से जुड़े कई मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया गया कि कुछ प्रकरणों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। संगठन ने अवैध खनन, हरे पेड़ों की कटान, भूमि विवाद, मारपीट, छेड़छाड़, मजदूरी भुगतान और नाली अवरोध जैसी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाया।

भाकियू (अराजनीतिक) ने कुछ मामलों की विवेचना में अनियमितता और कथित धन उगाही की जांच कराने की भी मांग की। इसके अलावा क्षेत्र में वन माफियाओं द्वारा हरे पेड़ों की कटान तथा खनन माफियाओं द्वारा अवैध मिट्टी और बालू खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम प्रकाश सिंह ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण होना चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष सीतापुर अमित कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, रामेश्वर, परमेश्वर, सुशील, राम देवी समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









