
कमालगंज, फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के तीन युवाओं के भारतीय सेना में चयन से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। खुदागंज के अमन कश्यप पुत्र सरोजिनी कश्यप, सिलारचौरा के अनुराग यादव पुत्र जितेंद्र यादव और पाहला के रमन यादव पुत्र रामनिवास यादव सेना में चयनित हुए हैं।
तीनों युवाओं ने कठिन मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। चयन की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने जश्न मनाया। ट्रेनिंग पर रवाना होने से पहले युवाओं ने माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
गांव वालों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मित्रों और शुभचिंतकों ने बधाई दी और देश सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई के समय कई लोग भावुक हो गए। ग्रामीणों ने युवाओं से ईमानदारी और अनुशासन के साथ देश सेवा का आह्वान किया।
गांव के लोगों का कहना है कि इन युवाओं की सफलता से दूसरे युवा भी प्रेरित होंगे। परिजनों ने बताया कि तीनों ने सालों की मेहनत से यह सफलता पाई है। ग्रामीणों ने कहा कि इन युवाओं ने परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारत माता के जयकारों के बीच युवाओं को ट्रेनिंग के लिए रवाना किया गया।









