
हरदोई अरवल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर एक युवक और एक महिला की मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस को मिली सूचना के अनुसार थाना अरवल क्षेत्र के अंतर्गत कुसुमखोर पुल के पास स्थित हैदराबाद गांव निवासी जनवेश पुत्र केशवराम उम्र 18 वर्ष ने गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
वहीं इसी गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक बगीचे में सरोजनी पत्नी खुशीराम उम्र करीब 30 वर्ष का शव गुलर के पेड़ से साड़ी के सहारे लटका हुआ मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना अरवल पुलिस के साथ फील्ड यूनिट और उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने नियमानुसार दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हरपालपुर श्री प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि “दोनों मामलों की जांच गंभीरता से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।”
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है









