
रिपोर्ट हरपालपुर क्राइम संवाददाता ज्ञानेंद्र सिह
हरदोई, गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचात में आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां स्थित “खेडा पति मैया के देवी स्थान” पर समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया गया।

यह परंपरा पूर्वी रीति-रिवाजों के अनुसार बरसों से चली आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार पूर्वजों के समय से गुरु पूर्णिमा के दिन देवी स्थान पर विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इस बार भी सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ देवी स्थान पर एकत्रित हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया गया और गांव की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।
पूजा के बाद परंपरा के अनुसार गांव के चारों तरफ जलधारा प्रवाहित की गई। ग्रामीणों की मान्यता है कि ऐसा करने से गांव में सुख-शांति बनी रहती है, बारिश अच्छी होती है और फसल लहलहाती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया। इस अवसर पर गांव वालों ने कहा “मैया की कृपा से हमारे गांव में बारिश अच्छी हो, फसल लहलहाए और सभी स्वस्थ रहें।”
पूरे आयोजन में ग्राम पंचात और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।









