
कन्नौज गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने ग्राम कासिमपुर और मेहंदी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कासिमपुर में गंगा किनारे रह रहे परिवारों से राशन, आवास, पेयजल, बिजली, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से निःशुल्क राशन मिल रहा है तथा सोलर प्लेटों के माध्यम से बिजली की सुविधा उपलब्ध है। बच्चों ने भी बताया कि वे नियमित रूप से विद्यालय जाकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने गंगा की लगातार कटान के कारण विस्थापन की समस्या से भी अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को गंगा किनारे झोपड़ियों में रह रहे लगभग 30 से 40 परिवारों का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही तहसीलदार को भूमि की स्थिति का परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा पात्र परिवारों को नियमानुसार आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। राहत शिविरों में खाद्यान्न, पेयजल, शौचालय, विद्युत, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहें। पशुओं के लिए भी सुरक्षित आश्रय स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेहंदी घाट का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी श्रद्धालु सुरक्षा बैरिकेडिंग पार कर गंगा स्नान न करे। घाट पर पर्याप्त पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाढ़ राहत शिविर में तख्त, मैट, चांदनी, पेयजल, विद्युत सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्पष्ट रूप से “बाढ़ राहत शिविर” का सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। शिविर के संचालन और रखरखाव के लिए आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में केयरटेकर तैनात करने को भी कहा।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपजिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










